शुक्रवार देर रात अलीगढ़ में टीवीएस बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता (25) की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अभिषेक अपने पिता और चचेरे भाई के साथ गांव लौटने के लिए बस पर चढ़ रहे थे, तभी बाइक से आए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक मूल रूप से हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के कचौरा गांव के रहने वाले थे। हाल ही में उन्होंने खैर में शोरूम खोला था। शुक्रवार को शोरूम बंद कर वह पिता नीरज गुप्ता और चचेरे भाई जीतू के साथ बस में चढ़ रहे थे। पिता और भाई बस में बैठ चुके थे, तभी पीछे से आए बदमाशों ने अभिषेक पर गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े।
परिवार का हंगामा, महामंडलेश्वर पर आरोप अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय ने करवाई है। उन्होंने बताया कि पहले अभिषेक इन दोनों के साथ रहते थे, लेकिन आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर रिश्ते बिगड़ गए थे। इसके बाद से ही उन्हें धमकियां मिल रही थीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महामंडलेश्वर के पति अशोक पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और गोलियां चलाकर हाईवे की ओर भाग निकले। घटना से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नीरज जादौन मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और तत्काल मुकदमा दर्ज होगा।
