वाराणसी में श्री अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, 16 समाजसेवियों को मिला श्री अग्रसेन रत्न सम्मान

वाराणसी में श्री अग्रसेन जयंती समारोह के समापन पर काशी अग्रवाल समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत बांसफाटक स्थित शापुरी माल से हुई, जिसमें महाराज अग्रसेन की पालकी को समाज के सभापति संतोष अग्रवाल ने माल्यार्पण कर रवाना किया। शोभायात्रा में बैंड-बाजे के साथ अग्रसेन महाजनी इंटर कॉलेज के रेंजर बैंड की धुनें गूंजती रहीं। 

18 गोत्रों के युवक महाराज अग्रसेन की वेशभूषा में घोड़ों पर सवार थे, जबकि अग्रसेन इंटर कॉलेज की छात्राएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। कन्या रथ पर महालक्ष्मी का स्वरूप धारण किए हुए विराजमान थीं। महिलाएं लाल-पीली साड़ी और पुरुष पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा व टोपी पहनकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।शोभायात्रा विश्वनाथ धाम, चौक और बुलानाला होते हुए मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन पीजी कॉलेज पहुंची, जहां महापर्व के रूप में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आरती हुई। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री नितिन अग्रवाल और सभापति संतोष अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सुयश अग्रवाल ने महाराज अग्रसेन के व्यक्तित्व और योगदान पर प्रकाश डाला। नितिन अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज प्रदेश का एक बड़ा समाज है और सेवा कार्यों में अग्रणी है। उन्होंने समाज द्वारा स्थापित महारानी माधवी अग्रसेन भवन की सराहना की। समाज में उल्लेखनीय योगदान के लिए 16 अग्रबंधुओं को श्री अग्रसेन रत्न सम्मान और 8 अग्रबंधुओं को समाज रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य और गीतों का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजकिशोर चंद्र अग्रवाल ने दिया। इस अवसर पर महिला समिति की सदस्याएं, समाज के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post