मिर्जामुराद हाईवे पर एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय बाइक सवार युवक निखिल पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई। निखिल को प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार, निखिल पांडेय भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के कौवला गांव के रहने वाले थे। वह अपने मामा के घर डोमैला मिर्जामुराद जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए।ग्रामीणों की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई रामचंद्र यादव ने घायल निखिल को एम्बुलेंस की मदद से मिर्जापुर जिले के कछवां स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और राजस्थान के अलवर जिले के बलाना निवासी ट्रक ड्राइवर हाकिम खान को हिरासत में लिया।
शुरुआती जांच में पता चला कि ड्राइवर शराब के नशे में वाहन चला रहा था।निखिल अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे और अविवाहित थे। वह पंडिताई करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
