नवरात्रि का पर्व जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, काशी में भक्ति और आस्था का रंग और गहराता जा रहा है। सप्तमी के अवसर पर शहर के 512 दुर्गा पंडालों में मां जगदंबा के दर्शन शुरू हो गए हैं।षष्ठी के दिन ही कई स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना हो चुकी थी। पूजन-अर्चन और आरती के बाद मां का मुख खोल दिया गया, जिससे भक्तों को मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन प्राप्त हो सके।दुर्गाकुंड स्थित कबीर नगर कॉलोनी में कबीर यंग स्पोर्टिंग क्लब की ओर से इस बार भव्य पंडाल स्वर्ण मंदिर की थीम पर तैयार किया गया है, जो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इसी तरह काशी के विभिन्न मोहल्लों और क्षेत्रों में अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए गए हैं।पूरे शहर को रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाया गया है। बड़े-बड़े स्वागत द्वार और सजे हुए मार्ग भक्तों का मन मोह रहे हैं। सप्तमी से लेकर नवमी तक वाराणसी में मां दुर्गा के दर्शन और भव्य सजावट देखने के लिए न सिर्फ स्थानीय श्रद्धालु, बल्कि आसपास के जनपदों और राज्यों से भी लाखों लोग काशी पहुंचते हैं।शहर में इन दिनों मेला सा माहौल है- भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का संगम काशी को और भी आलौकिक बना रहा है।
