लंका थाना क्षेत्र के नगवा पावर हाउस के पास देर रात बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट संचालक विदिप सिंह से विवाद के बाद 4 बाइक पर सवार होकर आए 10 नकाबपोश हमलावरों ने 3 राउंड हवाई फायरिंग की।फायरिंग करने वाले की पहचान साकेत नगर निवासी अनिकेत राय के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने 30 बोर के दो कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 8 माह पूर्व भी हमलावरों ने विदिप सिंह और उसके साथी आयुष की पिटाई की थी, जिस मामले में मुकदमा दर्ज है। पुरानी रंजिश को ही इस वारदात की वजह माना जा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की गतिविधियों की जांच हो रही है। पीड़ित विदिप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
