वाराणसी में रोपवे को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाह अब कानूनी शिकंजे में आ गई है। दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें रोपवे के गंडोला को जमीन पर गिरा हुआ दिखाया गया। इस वीडियो को वाराणसी का बताते हुए भ्रम फैलाने की कोशिश की गई।वाराणसी पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू की। जांच में यह वीडियो वाराणसी का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ का निकला। बावजूद इसके, इसे वाराणसी से जोड़कर भ्रामक तरीके से फैलाया गया।सोशल मीडिया पर इस फेक वीडियो को कांग्रेस नेता उदित राज ने भी शेयर किया, जिसके बाद यह और तेजी से वायरल हुआ।
पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले शख्स के खिलाफ सिगरा थाने में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की शांति और व्यवस्था प्रभावित न हो।
