उन्नाव, मंगलवार: शहर के गंगाघाट कोतवाली इलाके में स्थित 40 साल पुरानी सरस्वती टॉकीज में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसा फिल्म के 12 बजे के शो शुरू होने से लगभग दो घंटे पहले, यानी सुबह 10 बजे हुआ। आग इतनी तेज थी कि थियेटर की स्क्रीन, कुर्सियां और पर्दे जलकर खाक हो गए, पूरा थियेटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।ख़ुशकिस्मती रही कि थियेटर उस समय खाली था, लेकिन टॉकीज के बाहरी हिस्से में रह रहे एक परिवार और कुछ कर्मचारियों में 5 लोग आग में फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड ने समय रहते बचा लिया।
स्थानीय लोग भी आग बुझाने में सक्रिय रहे। कई लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग फैलने से रोकने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर लगभग दो घंटे लगी रहीं और तब जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।पुलिस ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन टॉकीज की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।आग की घटना के कारण थियेटर के आसपास अफरातफरी मच गई और स्थानीय दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने में जुट गए। पुलिस ने भीड़ नियंत्रण में रखा और आसपास की सुरक्षा सुनिश्चित की।
