जागरण फिल्म फेस्टिवल के आखिरी दिन बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी वाराणसी पहुंचे। उन्होंने दर्शकों से मुलाकात कर अपने सफर और अनुभव साझा किए। इसके बाद सिद्धांत दशाश्वमेध घाट पर पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा से अपनी आने वाली फिल्म ‘धड़क 2’ की सफलता की प्रार्थना की। करीब दो घंटे घाट पर रुककर उन्होंने गंगा पूजन किया।
इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। फैंस ने जब उन्हें देखा तो उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उमड़ पड़े, जिसे अभिनेता ने हंसते हुए स्वीकार किया। गंगा पूजन के बाद सिद्धांत बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब उनकी फिल्मों में भारतीय संस्कृति और अपनी मिट्टी की कहानियों का रंग देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि हिंदी सिनेमा भी अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाए, ताकि दुनिया को हमारी संस्कृति का गर्व महसूस हो।” बलिया के रहने वाले सिद्धांत ने अपने करियर की शुरुआत वेब सीरीज ‘इनसाइड एज’ से की थी। ‘गली बॉय’ ने उन्हें खास पहचान दी, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने ‘गहराइयां’ और ‘खो गए हम कहां’ जैसी फिल्मों में शानदार काम किया है।
