पिण्डरा तहसील के कविरामपुर गांव स्थित दुर्गा पंडाल के पास रात पुलिस ने एक युवक को महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कसते हुए गिरफ्तार किया। यह घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुई। महिला उपनिरीक्षक अंकिता सिंह अपनी टीम के साथ सतरिख नाका पर एंटी रोमियो ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक पंडाल के पास आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मुखबिर की मदद से युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी वहां से गुजर रही महिलाओं और युवतियों को देखकर जोर-जोर से गाने गा रहा था और अश्लील टिप्पणियां कर रहा था, जिससे आसपास की महिलाएं असहज महसूस कर रही थीं। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सूरज राजभर 26 वर्ष, पुत्र छट्टू राजभर, निवासी सरायतक्की, थाना बड़ागांव बताया। गिरफ्तारी के समय उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। आरोपी की तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी का यह कृत्य भारतीय दंड संहिता की धारा 296 बीएनएस-2023 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। आरोपी को रात करीब 10:15 बजे विधिवत गिरफ्तार कर थाने लाया गया। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से गवाही देने की अपील की, लेकिन कोई सामने नहीं आया। बड़ागांव थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
