रेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में आज बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका में “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के अंतर्गत एक विशाल स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।रैली का शुभारंभ मुख्य संरक्षा अधिकारी राम जन्म चौबे ने कुंदन तिराहे पर हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली कुंदन तिराहे से प्रारंभ होकर सूर्य सरोवर, मां काली मंदिर एवं नाथूपुर गेट से होते हुए पुनः कुंदन तिराहे पर आकर समाप्त हुई।रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत”, “स्वच्छ बरेका – स्वस्थ बरेका” जैसे गगनभेदी नारे लगाए। आकर्षक पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया, जिससे संपूर्ण बरेका परिसर जागरूकता और उत्साह से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर उप मुख्य संरक्षा अधिकारी ए.के. धुसिया, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर प्लांट ए.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, आरपीएफ के जवान, सिविल डिफेंस, नागरिक सुरक्षा संगठन, बरेका सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।रैली का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सभी को स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
