नवरात्रि के नौवें और अंतिम दिन माँ सिद्धिदात्री के दर्शन के लिए वाराणसी के मैदागिन स्थित प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और भक्त माता के दरबार में आशीर्वाद पाने के लिए बेताब दिखे।भक्तों ने माता के चरणों में नारियल, लाल अड़हुल की माला, चुनरी और मिष्ठान अर्पित कर सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मान्यता है कि माँ सिद्धिदात्री के दर्शन करने से नवरात्र के पूरे नौ दिनों का पुण्य फल प्राप्त होता है।
माँ सिद्धिदात्री को सिद्धियों और इच्छाओं को पूर्ण करने वाली देवी माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से प्रार्थना करने पर माता हर मनोकामना पूरी करती हैं और घर-परिवार पर अपनी कृपा बरसाती हैं।पूरे मंदिर परिसर में माता के जयकारे गूंजते रहे और भक्तिमय वातावरण देखने लायक था।
