मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अन्नपूर्णा मंदिर में कहा – “स्वावलंबन की राह दिखा रहा है अन्नपूर्णा मंदिर”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यहां अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के 14वें सत्रांत के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 250 से अधिक बालक-बालिकाओं को लैपटॉप, सिलाई मशीन और प्रमाणपत्र वितरित किए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा मंदिर परिवार न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक रूप से भी लोगों को आत्मनिर्भर बना रहा है। यहां से मिली सिलाई मशीन एक परिवार को रोजगार का साधन प्रदान कर रही है, जिससे बहन-बेटियां स्वावलंबी बन रही हैं। उन्होंने कहा — “मां अन्नपूर्णा सबका पालन-पोषण कर रही हैं, और इसी भाव से यह मंदिर समाज निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।”योगी आदित्यनाथ ने महंत शंकरपुरी जी की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज निर्माण को मजबूत कर रहा है। 

उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार मठ के जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा मंदिर संस्कृति और परंपरा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा पर भी ध्यान दे रहा है। यहां छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण, सिलाई-कढ़ाई के साथ-साथ संस्कृत अध्ययन के लिए छात्रवृत्तियां भी दी जा रही हैं। साथ ही, गौसेवा जैसी परंपराएं भी मंदिर की विशेषता हैं। 

उन्होंने कहा — “प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं — बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आवास योजना और घरौनी वितरण जैसी योजनाओं से करोड़ों महिलाओं को सशक्त किया गया है।” मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में 1100 एकड़ में वस्त्र मित्र पार्क बनाया जा रहा है, जिससे वस्त्र उद्योग में बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि वस्त्र सेक्टर दुनिया में कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है। 

योगी आदित्यनाथ ने कहा — “संस्कृत आने वाले समय में विश्व को जोड़ने वाली भाषा बनेगी। यह केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि भाव की भाषा है, जो विश्व कल्याण का मार्ग दिखाती है।” कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती, महादेव और मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, प्रदीप अग्रहरि, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया गया। शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान तीन मंडलों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 75 दिवसीय स्वच्छता अभियान सराहनीय प्रयास है, जिसे सभी जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर आगे बढ़ाएं। 

योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि स्वच्छता मित्रों को 5 लाख रुपये की अंशुमान चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी।कार्यक्रम में मंत्री दयाशंकर मिश्रा, रविंद्र जायसवाल, विधायक अवधेश सिंह, दिलीप पटेल, नगर प्रमुख अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



 

Post a Comment

Previous Post Next Post