जैतपुरा रामलीला समिति की ओर से सोमवार को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ श्रीराम बारात का आयोजन किया गया। घोड़े पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जब बाजे-गाजे की मधुर धुनों और “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ निकले, तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।बारात चकाचौंध विद्युत झालरों और आकर्षक सजावट के बीच विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई दारानगर स्थित अनिल अरोड़ा एवं टिंकू अरोड़ा के आवास पर पहुंची, जहां बारातियों का भव्य स्वागत-सत्कार किया गया। चारों भाइयों का पारंपरिक परछन कर शुभ मुहूर्त में विवाह की रस्में पूरी की गईं।इस अवसर पर घराती और बाराती दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे को माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और सिया-राम विवाह उत्सव का आनंद लिया।
प्रसाद वितरण, बैंड-बाजे की धुन और आतिशबाजी से पूरा वातावरण भक्तिरस और उल्लास से सराबोर हो गया।हर साल की भांति इस वर्ष भी प्राचीन आदर्श रामलीला समिति, जैतपुरा की यह परंपरागत श्रीराम बारात शहरवासियों के लिए भक्ति, आनंद और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी।

