पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत इस बार दशाश्वमेध स्थित मीर घाट पर श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति द्वारा तैयार पंडाल पूरे वाराणसी के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। समिति के कार्यकर्ता यश कपूर ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को “जंगल थीम” पर सजाया गया है, जिसमें हर ओर ग्रीनरी का विशेष ध्यान रखा गया है।उन्होंने कहा कि इस थीम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। पंडाल की सजावट और देवी प्रतिमा की विशेष रूप से ऐसी प्रस्तुति की गई है, जो लोगों को पेड़-पौधों की रक्षा करने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश देती है।यश कपूर ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर रोक लगाई जानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो जीवन भी सुखमय होगा।प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियानों की प्रेरणा से यह पंडाल तैयार किया गया है। वाराणसी के इस अनोखे “फॉरेस्ट थीम पंडाल” को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
