आदमपुरा थाना क्षेत्र के तेलियाना इलाके में रहने वाले 70 वर्षीय मुकुंदी लाल का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा — “साहब, हमें उम्मीद नहीं है कि हमें इंसाफ मिलेगा। जिन लोगों ने मेरे बेटे को मारा है, वे बहुत पैसे वाले हैं। मेरे बेटे को बुरी तरह पीटा गया, पुलिस खड़ी रही तब भी लोग मारते रहे। अब एक गरीब की विनती है मुख्यमंत्री जी से कि हमें इंसाफ दिलाया जाए।”दरअसल, मुकुंदी लाल के 28 वर्षीय बेटे चंद्रप्रकाश को रात करीब 10 बजे मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने आपसी कहासुनी के बाद धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि युवकों ने लोहे के पंच से उसके चेहरे पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजनों का आरोप है कि सूचना पर फैंटम पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावरों ने पुलिस के सामने ही चंद्रप्रकाश को नीचे उतारकर बेरहमी से पीटा।वर्तमान में घायल चंद्रप्रकाश का इलाज कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय के वार्ड नंबर-1 में चल रहा है। उसके चेहरे पर सूजन है और लगभग 20 टांके लगे हैं, जबकि कुछ टांके पेट में भी लगाए गए हैं।
परिजन भय के साये में हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। साथ ही मामला हल्की धाराओं में दर्ज किया गया है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।मुकुंदी लाल और उनका परिवार अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।

