विश्व प्रसिद्ध काशी में नाटी इमली में भरत मिलाप कार्यक्रम के चलते भारी भीड़ और ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। एडीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से नाटी इमली की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को धूपचंडी तिराहा से रामकटोरा चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।ट्रैफिक डायवर्जन के तहत पिपलानी कटरा तिराहा से आने वाले वाहनों को मैदागिन चौराहा या लहुराबीर चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वीसी आवास मार्ग से आने वाले वाहन लकड़ी मंडी तिराहा की ओर मोड़ दिए जाएंगे। रामकटोरा चौराहा से अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट और बौल्या बाग गली मार्ग से आने वाले वाहनों को प्रदीप होटल कट या लकड़ी मंडी तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, चौकाघाट पुलिस चौकी काली माता मंदिर तिराहा, लेबर चौराहा, लोहटिया तिराहा और दारानगर तिराहे से आने वाले वाहनों को अलग-अलग मार्गों पर रोककर पार्किंग की जाएगी।
वाहन खड़ा करने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। लकड़ी मंडी की ओर से आने वाले वाहन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्वी गेट में खड़े किए जाएंगे। जीटी रोड चौकाघाट स्थित काली माता मंदिर मार्ग से आने वाले वाहन सड़क किनारे बने बैरियर पर रोके जाएंगे। काशिका तिराहा से आने वाले वाहनों को सुभाष पार्क में पार्किंग की जाएगी।एडीसीपी ट्रैफिक ने काशीवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें ताकि कार्यक्रम स्थल और आसपास का यातायात सुचारू रूप से चल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

