शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर प्रदेशभर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्या पूजन कर अपनी आस्था और सादगी का संदेश दिया। उन्होंने नौ कन्याओं और एक बटुक के चरण धोए, उनके माथे पर तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और उन्हें भोजन कराया। हर थाली में प्रसाद की कोई कमी न हो, इसका विशेष ध्यान योगी ने रखा। पूजन के बाद सभी कन्याओं और बटुकों को दक्षिणा और उपहार दिए गए।इस दौरान मुख्यमंत्री ने हनुमान जी के वेश में आए एक बालक को भी तिलक लगाकर माला पहनाई और भगवा गमछा ओढ़ाया।
यह नजारा श्रद्धालुओं के लिए खास और यादगार रहा।वहीं, महानवमी पर वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर और अयोध्या समेत पूरे प्रदेश के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। लखनऊ में दुर्गा पूजा पंडालों को इस बार विशेष थीम से सजाया गया है। एक पंडाल में मां दुर्गा को ‘अमेरिकन टैरिफ’ नाम के राक्षस का वध करते हुए दर्शाया गया है, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
