पिशाच मोचन क्षेत्र स्थित बसंत पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निर्देशिका करुणा यादव एवं प्रबंधक लाल जी यादव द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और संकल्प को सम्मान देने का दिन है। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार उपाध्याय ने सभी छात्रों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन एवं सृजनात्मकता को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में छात्रों द्वारा गीत, नृत्य, नाटक, कविता व देशभक्ति से प्रेरित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया। मंच संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया गया और मिठाइयाँ वितरित की गईं।

