देश में डेस्टिनेशन वेडिंगका ट्रेंड अब नया मोड़ ले रहा है। जहां पहले गोवा, जयपुर और उदयपुर जैसे शहरों में शादी के मंडप सजते वहीं अब उत्तर प्रदेश के शहर तेजी से इस नक्शे पर उभर रहे हैं।अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ जैसे शहर न केवल यूपी के बल्कि देशभर के कपल्स की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। वेडिंग बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में यूपी के धार्मिक और ऐतिहासिक शहरों में शादी बुकिंग में 60% तक इजाफा हुआ है।
वहीं, गोवा और जयपुर जैसे पारंपरिक डेस्टिनेशन की मांग में गिरावट देखी जा रही है। खास बात यह है कि अब लंदन, दुबई और मुंबई जैसे शहरों के कपल भी अयोध्या और प्रयागराज में अपनी शादी के लिए बुकिंग करा रहे हैं।वेडिंग प्लानर्स का कहना है कि राम मंदिर, संगम तट और काशी के घाटों की पवित्रता और भव्यता ने विदेशी कपल्स को भी आकर्षित किया है। वहीं, खर्च के लिहाज से भी यूपी वेडिंग डेस्टिनेशन अब पहले से कहीं ज्यादा किफायती और भव्य विकल्प बन चुका है।स्थानीय होटल और इवेंट उद्योगों के लिए यह नया ट्रेंड अवसर और रोजगार दोनों लेकर आया है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दो वर्षों में अयोध्या और वाराणसी भारत के टॉप-5 वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल हो सकते हैं।

