वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में राइफल क्लब में शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, पठन-पाठन, निर्माण कार्य और बच्चों के असेसमेंट की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने विकास क्षेत्र आराजी लाइन, पिंडरा और नगर क्षेत्र में एआरपी के सपोर्टिंग सुपरविजन कम पाए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही अधिक अवकाश लेने वाले शिक्षकों की जांच का आदेश दिया, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने सक्षम अधिकारी से अनुमति ली या नहीं।डीएम ने निर्देश दिया कि सभी ब्लॉकों में एआरपी सुपरविजन शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। डाइट मेंटरों द्वारा कम सुपरविजन पाए जाने पर डायट प्राचार्य को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि रोस्टर के अनुसार किसी दिन अवकाश है, तो सुपरविजन अगले दिन कराया जाए।
निपुण प्लस ऐप के जरिए बच्चों के असेसमेंट और निपुण घोषित बच्चों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में पठन-पाठन पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, लखनऊ से तत्काल समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में डीबीटी की प्रगति का भी आकलन किया गया। डीएम ने कहा कि जिन बच्चों का आधार कार्ड अभी नहीं बना है, उसे तुरंत बनवाया जाए। जन्म प्रमाण पत्र में समस्या आने पर एसडीएम से संपर्क कर समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नवंबर तक डीबीटी का कार्य पूरा कर लिया जाए।डीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान DTF और BTF अधिकारी यह अवश्य जांचें कि विद्यालय में अवकाश पर पाए गए शिक्षकों ने सक्षम स्तर से अनुमति ली है या नहीं। सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्री ऊंची कराने और अन्य कमियों की सूची अलग से देने के निर्देश भी दिए गए।

