अगहनी जुमे के खास मौके पर शुक्रवार को पुराना पुल स्थित पुलकोहना मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विशेष नमाज़ अदा की। यह परंपरा कई सदियों से निभाई जा रही है, जिसके तहत लोग सामान्य दिनों की तरह कारोबार नहीं खोलते और पूरा दिन इबादत, दुआ और खिदमत में बिताते हैं।सुबह से ही मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार अगहन महीने के इस जुमे की नमाज़ बेहद खास मानी जाती है और इसे बरकत, खुशहाली तथा सलामती की दुआओं से जोड़कर देखा जाता है।
नमाज़ के बाद बाजारों में गन्ने की खरीदारी खूब देखने को मिली। परंपरा के अनुसार लोग घरों में गन्ना ले जाकर तबर्रुक के रूप में बांटते हैं। गन्ने की दुकानों पर सुबह से लेकर दोपहर तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा और कारोबारी भी इससे खासे उत्साहित दिखे।स्थानीय लोगों ने बताया कि यह परंपरा सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक मेल-जोल और भाईचारे की मिसाल भी है, जो पीढ़ियों से इसी उत्साह के साथ निभाई जा रही है।

