वाराणसी के सिगरा इलाके में बुधवार देर शाम एक बहुमंजिला इमारत के तीसरे तल स्थित ब्यूटी पार्लर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त पार्लर में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।करीब 8:30 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही चीफ फायर ऑफिसर आनंद सिंह राजपूत की टीम मौके पर रवाना हुई। रास्ते में इमारत में लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर फायर कर्मियों ने रेस्क्यू को प्राथमिकता दी और सीढ़ियों की मदद से अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पार्लर में मौजूद कॉस्मेटिक व अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई, लेकिन तीन फायर टेंडरों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।भीषण आग में पार्लर की सामग्री जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, फायर टीम की तत्परता से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।CFO आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि गुरुवार को इमारत की अग्नि सुरक्षा जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि भवन में फायर सेफ्टी उपकरण और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
