वाराणसी में अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर सम्पूर्णानन्द बाउंड्री के पास स्थित लकड़ी मंडी में पुलिस ने छापेमारी कर छह युवकों को हिरोइन की पुड़िया और अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को आते देख आरोपियों ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर सभी को मौके पर पकड़ लिया गया।
तलाशी में कुल 11 ग्राम हिरोइन, एक 0.32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। मुख्य आरोपी शिवम सिंह उर्फ नीरज के पास से सबसे अधिक 14 पुड़िया हिरोइन, एक पिस्टल और कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशा बेचकर अपना खर्च और शौक पूरा करते हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज किए हैं। साथ ही, पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है। चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला और उनकी टीम की यह कार्रवाई सराहनीय मानी जा रही है।
Tags
Trending

