काशी 13 दिसंबर को एक बार फिर उल्लास, भक्ति और बनारसी रंग में रंगने जा रही है। बाबा विश्वनाथ धाम के लोकार्पण की चौथी वर्षगांठ पर शहर में संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश और शिव बारात समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें काशी का शिवत्व और परंपरागत रौनक झलकेगी।दिलीप सिंह संस्थापक शिव बारात समिति ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर आधारित विशेष झांकी होगी, जो नारी शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगी।
साथ ही उड़न-खटोला, विभिन्न देवी-देवताओं, बाबा के गण, किन्नर समुदाय, करमा नृत्य के कलाकार और कई लोक-नृत्य दल भी शामिल होंगे।नगर की 40 से अधिक संस्थाएँ स्वागत, पेयजल और पुष्प वर्षा के माध्यम से इस आयोजन को विशेष बनाएंगी।काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य द्वार पर खत्री हितकारिणी सभा द्वारा आरती और पुष्प वर्षा की जाएगी। यह शोभायात्रा केवल उत्सव नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत को इतिहास में दर्ज करने वाला भव्य आयोजन मानी जा रही है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. नीलकंठ तिवारी और विशिष्ट अतिथि अंबरीष सिंह भोला रहेंगे।
Tags
Trending

