कमिश्नरेट पुलिस ने रामनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले कफ सिरप के अवैध भंडारण का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सूजाबाद स्थित एक गोदाम से 173 पेटियों में भरे कुल 25,950 शीशी सिरप बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही एक टाटा ACE वाहन और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। उपनिरीक्षक प्रशांत पांडेय, सूजाबाद चौकी प्रभारी, अपनी टीम के साथ पड़ाव तिराहे पर मौजूद थे तभी रोहनिया पुलिस से सूचना मिली कि क्षेत्र में नशीले सिरप का एक बड़ा अवैध गोदाम संचालित हो रहा है।
सूचना पर पुलिस सूजाबाद आर्मी ग्राउंड के पास स्थित गोदाम पहुंची और एसीपी कोतवाली के निर्देशन में ताला तोड़कर अंदर जांच की तो भारी मात्रा में कफ सिरप की पेटियाँ पाई गईं। मौके पर औषधि निरीक्षक चन्द्रेश द्विवेदी ने भी बरामदगी की पुष्टि की।पुलिस ने मौके से राहुल कुमार वर्मा (32) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि गोदाम मनोज यादव और उसके बेटे लक्ष्य यादव का है, जहां से वे नशीले सिरप की सप्लाई करते थे। मनोज यादव और लक्ष्य यादव दोनों फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।पूरे मामले में थाना रामनगर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में रामनगर और रोहनिया थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।
Tags
Trending

