वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को उसी के विद्यालय में पढ़ने वाले एक सहपाठी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी सेवापुरी क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए रोज की तरह घर से निकली थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। बेटी के देर तक न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने विद्यालय जाकर जानकारी जुटाई।
विद्यालय में सहपाठी छात्रों से पूछताछ करने पर पता चला कि किशोरी अपनी ही कक्षा के एक छात्र के साथ कहीं चली गई है। इस जानकारी के बाद परिजनों ने पूरी रात आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।अगले दिन परिजनों ने कपसेठी थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना कपसेठी के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है।
संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और विद्यालय के स्टाफ व सहपाठी छात्रों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से किशोरी और आरोपी युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने का भरोसा दिलाया है।परिजनों ने पुलिस प्रशासन से किशोरी की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।

.jpeg)
