आगरा में तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को मारी टक्कर, 5 की मौत, 8 से अधिक घायल

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेसर रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे दो ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे करीब 10 फीट दूर पेड़ से जा टकराए और फिर गड्ढे में पलट गए। ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, एक टेंपो दो हिस्सों में बंट गया और उसकी छत तक उड़ गई। यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

चारधाम और जगन्नाथपुरी यात्रा से लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार यात्री चारधाम और जगन्नाथपुरी दर्शन कर लौट रहे थे। वे आगरा स्टेशन से अपने-अपने गांव जा रहे थे। रामदत्त नामक एक यात्री ने बताया कि वे 20 जनवरी को जगन्नाथपुरी गए थे और आज ही राजा मंडी स्टेशन पर उतरे थे। वह दवा लेने के लिए स्टेशन के पास उतर गए थे, जबकि बाकी यात्री गांव के लिए निकल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा: ट्रक चालक नशे में था

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे की हालत में था और वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। ट्रक जलेसर रोड की ओर लहराते हुए आ रही थी। पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, फिर दूसरे ऑटो को भी रौंद दिया। दोनों ऑटो में करीब 14 से 15 लोग सवार थे।हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई भी कर दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, चालक हिरासत में

एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।एडिशनल सीपी राम बदन सिंह ने कहा,"यह एक बेहद दुखद घटना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ऑटो ओवरटेक कर रहे थे, तभी सामने से डंपर आ गया और हादसा हो गया। इसमें 5 लोगों की मौत और 4 लोग घायल हुए हैं। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।"

जांच जारी, प्रशासन सतर्क

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post