बरेली में रील बनाते समय 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, निर्माणाधीन पुल से गिरकर स्लैब के नीचे दबा

बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। निर्माणाधीन पुल पर वीडियो शूट कराते समय युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा और उसके ऊपर करीब 100 किलो वजनी तीन सीमेंट स्लैब आकर गिर गईं। हादसे में युवक की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।मृतक की पहचान रिछोला किफायतुल्ला निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद फैजान के रूप में हुई है, जो पेशे से नाई था। फैजान इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय था और उसके करीब 9,635 फॉलोअर्स थे। वह अक्सर सोशल मीडिया के लिए रील बनाता था।

जानकारी के अनुसार,  फैजान अपने दोस्त अनुज गंगवार के साथ सिजौलिया गांव के पास निर्माणाधीन पुल पर रील बनाने गया था। अनुज मोबाइल से उसका वीडियो शूट कर रहा था। फैजान पुल के किनारे रखी सीमेंट स्लैबों पर चढ़कर पोज दे रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे खेत की ओर गिर गया।जैसे ही फैजान नीचे गिरा, वैसे ही ऊपर रखी तीन भारी सीमेंट स्लैब उसके ऊपर आ गिरीं, जिससे वह उनके नीचे दब गया। उसका दोस्त अनुज उसे बचाने के लिए नीचे उतरा, लेकिन स्लैब इतनी भारी थीं कि वह उन्हें हटा नहीं सका। उसने मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाया और दोस्तों व परिजनों को फोन कर सूचना दी, लेकिन तब तक फैजान की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्लैब इतनी भारी थीं कि उन्हें हटाने के लिए हाइड्रा मशीन मंगानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।फैजान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। यह घटना सोशल मीडिया के लिए खतरनाक जगहों पर वीडियो बनाने के जोखिम को उजागर करती है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post