मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मुख्यमंत्री मणिकर्णिका घाट पहुंचे, जहां उन्होंने घाट पर चल रहे विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, शवदाह से जुड़ी सुविधाएं, श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मणिकर्णिका घाट को और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाया जाए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रोपवे परियोजना, टर्मिनल, सड़कों समेत अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी देखी और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

.jpeg)
