आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल एवं रविन्द्रपुरी कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविन्द्रपुरी क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर (लेंस प्रत्यारोपण विधि द्वारा) का सफल आयोजन किया गया।शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया। जांच के उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई। अस्पताल में मरीजों के ठहरने, ऑपरेशन, दवाइयों एवं भोजन की समस्त व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क रही।
रविन्द्रपुरी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री अनुज डिडवानिया ने बताया कि यह शिविर विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लगभग 100 मरीजों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था, जो लगभग पूरा हो गया, यह समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने यह भी बताया कि आर.जे. शंकरा नेत्रालय के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को आंखों से संबंधित बीमारियों की उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं, जिससे मरीजों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ता।रविन्द्रपुरी कल्याण समिति ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी एवं सेवा-भाव से परिपूर्ण शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।यह शिविर मानव सेवा, सामाजिक सरोकार और सामूहिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बना।

.jpeg)
