वाराणसी में चलते वाहन से कूदने पर महिला की मौत, वाहन चालक फरार

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरहुआ–पांचोशिवाला पंचक्रोशी मार्ग पर चलती सवारी गाड़ी से कूदने के कारण एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मैजिक सवारी वाहन हरहुआ चौराहे से यात्रियों को लेकर पांचोशिवाला की ओर जा रहा था।

पंचक्रोशी मार्ग पर पांचोशिवाला के पास पहुंचते ही वाहन में सवार एक महिला ने अचानक चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। सड़क पर गिरते ही महिला के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महिला की मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बड़ागांव थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः महिला वाहन से उतरना चाह रही थी। आशंका जताई जा रही है कि उसने चालक से गाड़ी रोकने को कहा होगा, लेकिन गाड़ी न रुकने पर जल्दबाजी में उसने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। हालांकि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए महिला की फोटो सोशल मीडिया पर साझा की गई है। फरार सवारी वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post