बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित देवा ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चार यात्रियों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के दौरान कार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद धुएं का गुबार उठने लगा और कुछ ही पलों में कार आग की लपटों में घिर गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से काला धुआं निकलता देख यात्रियों ने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकलने का प्रयास किया। कार सवार दीपक यादव ने बताया कि वे बाराबंकी शहर से देवा की ओर जा रहे थे, तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा। समय रहते बाहर निकल जाने से सभी की जान बच गई, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों में दहशत फैल गई, खासकर इस आशंका को लेकर कि कहीं कार में सीएनजी किट न लगी हो, जिससे विस्फोट का खतरा हो सकता था। हादसे के कारण करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात है।

.jpeg)