टी-20 वर्ल्ड कप में बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराकर इतिहास रच दिया। यह टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर मुकाबला रहा।मैच के दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में अफगानिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी का विकेट गंवा बैठी। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के लगाए, लेकिन आखिरी गेंद पर आउट हो गए और अफगानिस्तान लक्ष्य हासिल नहीं कर सका।दूसरे सुपर ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के जड़े और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इससे पहले पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए थे। पहली सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर स्टब्स ने छक्का लगाकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया था।
अफगानिस्तान ने जीता हुआ मैच गंवाया
मैच के आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को 13 रन की जरूरत थी। ओवर की पहली गेंद पर कागिसो रबाडा ने नो-बॉल फेंकी, जिस पर कैच हुआ लेकिन बल्लेबाज आउट नहीं हुआ और फ्री-हिट मिल गई। इसके बाद वाइड और फ्री-हिट से अफगानिस्तान जीत के बेहद करीब पहुंच गया।19.2 ओवर में नूर अहमद के छक्के से मुकाबला अफगानिस्तान की ओर झुक गया। आखिरी 3 गेंदों पर टीम को केवल 2 रन की जरूरत थी, लेकिन यहीं मैच पलट गया। फजलहक फारूकी दूसरे रन के दौरान रन-आउट हो गए। रिप्ले में उनका बैट क्रीज से बाहर हवा में दिखा, जिससे वे आउट करार दिए गए।
मैच का स्कोर: दोनों टीमों ने बनाए 187-187 रन
निर्धारित 20 ओवर में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए और मुकाबला टाई रहा। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान को अंतिम ओवर में 3 गेंदों पर 2 रन चाहिए थे, लेकिन फजलहक फारूकी रन-आउट हो गए और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।साउथ अफ्रीका की ओर से रायन रिकेल्टन (61) और क्विंटन डी कॉक (59) ने शानदार अर्धशतक लगाए, जबकि डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की गेंदबाजी में अजमतुल्लाह उमरजई ने 3 विकेट, राशिद खान ने 2 विकेट और फजलहक फारूकी ने 1 विकेट लिया।

.jpeg)