कन्नौज में प्रेमिका से शादी की जिद्द में युवक की मौत, 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से गिरा

कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूराभोज में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जहां से गिरने के बाद उसकी जान चली गई।मृतक की पहचान सुमित राजपूत (18 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक रिश्तेदार युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे। युवती की तीन दिन पहले ही शादी हो चुकी थी, जिससे युवक मानसिक रूप से काफी परेशान था।बुधवार सुबह सुमित अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से एक लड़की का नाम लेते हुए चिल्लाने लगा कि “मेरी शादी करा दो, नहीं तो मैं कूदकर मर जाऊंगा।” वह करीब दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा और शादी का वादा चाहता रहा। गांव के लोग, परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचकर उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे।

गांव के लोगों के अनुसार, युवक नीचे उतरने के लिए तभी तैयार हो रहा था जब शादी तय करने की बात कही जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर गिर पड़ा।हादसे के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में युवक को गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार राजपूत ने बताया कि युवक को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सुमित राजपूत मूल रूप से पूराभोज गांव का निवासी था और राजस्थान में एक फैक्ट्री में काम करता था। वह करीब 15 दिन पहले घर लौटा था। बताया गया कि उसके पिता की तीन साल पहले मौत हो चुकी है और घर में मां, एक छोटा भाई (मानसिक रूप से कमजोर) और एक विवाहित बहन है। सुमित ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।घटना के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post