थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना ने किया ताजमहल का दीदार, कड़ी सुरक्षा के बीच रहा भ्रमण

थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना ने बुधवार सुबह विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल की खूबसूरती देखकर राजकुमारी खुद को कैमरे में इसे कैद करने से रोक नहीं पाईं। उन्होंने डायना सीट पर बैठकर फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान उनके साथ उनका प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।हालांकि राजकुमारी के इशारे पर सुरक्षा कर्मियों ने पर्यटकों को फोटो और वीडियो बनाने से रोक दिया। कुछ विदेशी पर्यटकों द्वारा फोटो लेने पर उनके मोबाइल से तस्वीरें भी डिलीट कराई गईं। राजकुमारी करीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में रहीं। इसके बाद वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे आगरा किले पहुंचीं, जहां कुछ देर के लिए पर्यटकों की आवाजाही रोकी गई।राजकुमारी शाम ही आगरा पहुंच चुकी थीं। उन्होंने आईटीसी मुगल होटल में नाइट स्टे किया और होटल अमर विलास में डिनर किया था।

वह 5 दिवसीय भारत दौरे पर हैं और शाम लगभग 4 बजे जोधपुर से आगरा पहुंची थीं। खेरिया हवाई अड्डे से उनका काफिला सीधे होटल पहुंचा था, जहां पूरे प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत किया गया।आगरा आने से पहले राजकुमारी ने जयपुर और जोधपुर में ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने जयपुर के आमेर महल का दौरा किया, जहां दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, शीश महल और मानसिंह महल की भव्यता से वह काफी प्रभावित हुईं। उन्होंने अरावली की हरियाली, केसर क्यारी और प्राचीन जल संरक्षण व्यवस्था की भी सराहना की।उन्होंने जोधपुर के मेहरानगढ़ किले और जसवंत थड़ा का भ्रमण किया। किले की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक गौरव ने उन्हें प्रभावित किया। इस दौरान उन्होंने एक शोरूम का भी दौरा किया और आभूषणों की खरीदारी की।सिरिवन्नावरी नरिरत्ना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर हैं। उनका खुद का लग्जरी फैशन ब्रांड है, जो कई देशों में लोकप्रिय है। इसके साथ ही वह थाईलैंड की शाही सेना में मेजर के पद पर भी कार्यरत हैं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post