वाराणसी की फास्ट ट्रैक कोर्ट में IIT-BHU गैंगरेप मामले में अहम सुनवाई होगी। पीड़िता के दोस्त, जो इस मामले का एकमात्र चश्मदीद गवाह है, आज एक बार फिर जिरह के लिए कटघरे में पेश होगा। इस दौरान तीसरे आरोपी आनंद उर्फ अभिषेक चौहान के वकील गवाह से सवाल-जवाब करेंगे।पिछली सुनवाई में आरोपी के वकील ने घटना की रात के हालात, अंधेरे में पहचान की विश्वसनीयता और घटनास्थल की परिस्थितियों पर सवाल उठाए। साथ ही यह भी पूछा गया कि पीड़िता रात में सुनसान इलाके में क्यों गई थी। वकीलों ने आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम को संदेहास्पद बताने की कोशिश की थी।गौरतलब है कि पीड़िता का दोस्त इस मामले का एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी है, जिसके सामने पूरी घटना हुई थी। पीड़िता के अनुसार, एक आरोपी ने उसके दोस्त को पकड़ लिया था, जिसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वकीलों के अनुसार, गवाह की गवाही के बाद केस की दिशा और रुख में बदलाव आया है। माना जा रहा है कि 31 जुलाई को दर्ज उसका बयान आरोपियों की सजा का आधार बन सकता है।
अब तक आरोपित कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल के वकीलों द्वारा जिरह की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अदालत ने तीसरे आरोपी आनंद चौहान के वकील को भी जिरह का अवसर प्रदान किया है। इससे पहले अदालत ने दिसंबर में जिरह पूरी न होने पर आनंद चौहान की स्थगन याचिका खारिज कर दी थी।यह मामला 1 नवंबर 2023 की रात का है, जब BHU परिसर में IIT की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने की थी। अब तक पीड़िता समेत अभियोजन पक्ष के चार गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।
सरकारी वकील ने जताया कड़ी सजा दिलाने का भरोसा
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता (ADCG) मनोज कुमार ने बताया कि यह केस के लिए एक महत्वपूर्ण गवाही है। गवाह के बयान के बाद विवेचक को कोर्ट में बुलाया जाएगा, जो चार्जशीट और केस डायरी से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष की कोशिश रहेगी कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।उन्होंने यह भी बताया कि कोर्ट पहले ही आरोपियों की स्टे पिटिशन खारिज कर चुका है और सुनवाई में बाधा डालने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आरोपी कौन हैं?
कुणाल पांडेय — पूर्व संयोजक, BJP IT सेल वाराणसी महानगर
सक्षम पटेल — पूर्व सह-संयोजक, BJP IT सेल वाराणसी महानगर
आनंद उर्फ अभिषेक चौहान — पूर्व कार्य समिति सदस्य, BJP IT सेल वाराणसी महानगर

.jpeg)