जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील और मानवीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में नव निर्मित आधुनिक सुविधाओं का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर इन सुविधाओं को आम नागरिकों को समर्पित किया।लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कार्यालय केवल प्रशासनिक कार्यों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रमुख माध्यम भी है। ऐसे में यहां आने वाले नागरिकों, विशेषकर दूर-दराज से आने वाले फरियादियों और महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि नव निर्मित सुविधाओं के अंतर्गत कार्यालय परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बेहतर प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि फरियादियों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो।
पुलिस आयुक्त ने यह भी बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय का सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थित पुनर्विकास कराया गया है। इससे जहां आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को भी अनुकूल और व्यवस्थित कार्य वातावरण प्राप्त होगा। कर्मचारियों के बैठने, महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं अभिलेखों के सुरक्षित और सुव्यवस्थित रख-रखाव की भी विशेष व्यवस्था की गई है।इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा किए गए सराहनीय एवं उल्लेखनीय कार्यों को आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से कार्यालय परिसर में एक फोटो गैलरी की भी स्थापना की गई है, जिसमें पुलिस की उपलब्धियों और जनहित में किए गए कार्यों को फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरी मीणा सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने इस पहल को पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

.jpeg)