दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत सोमवार को ध्वस्तीकरण कार्य तेज कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर और मजदूरों की मदद से निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी भी की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल माह के भीतर इस ध्वस्तीकरण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि चौड़ीकरण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी देखी जा रही है। कुछ व्यापारियों का कहना है कि पहले हुई नापी (माप) के अनुसार उनकी दुकानों पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ना था, लेकिन अब ठेकेदार द्वारा सीमा बढ़ाकर कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनकी पूरी दुकान ही प्रभावित हो गई है।दुकानदारों ने आरोप लगाया कि इस बदलाव के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।वहीं, प्रशासन का कहना है कि चौड़ीकरण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जा रहा है और क्षेत्र के विकास व सुगम आवागमन के लिए यह आवश्यक कदम है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान लगातार जारी है।

