बाल शिक्षा मंडल के सचिव मुकुल पांडेय ने ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी को लेकर पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लादघाट स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल शाखा के आसपास ऑटो और टोटो चालकों के जमावड़े से विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मुकुल पांडेय ने बताया कि इससे पहले भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, जिस पर कुछ समय के लिए कार्रवाई हुई थी, लेकिन अब फिर से ऑटो और टोटो चालकों का आतंक क्षेत्र में बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास बड़ी संख्या में ऑटो और टोटो खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेलिया नाला घाट के पास नाव चलने के कारण यहां सवारियों को लाने और आगे भेजने का एक कमीशन आधारित नेटवर्क चल रहा है। ऑटो और टोटो चालक पर्यटकों को नमो घाट ले जाने के नाम पर यहां लाते हैं, जबकि वहां से नमो घाट की दूरी करीब एक किलोमीटर ही है। इसके बावजूद पर्यटकों से लगभग 200 रुपये तक वसूले जाते हैं और इस रकम का एक हिस्सा नाव चालकों को भी दिया जाता है।मुकुल पांडे ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ लोगों ने नगर निगम और विकास प्राधिकरण की जमीन पर अवैध रूप से होटल का निर्माण कर लिया है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से इस पूरे मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

