वाराणसी में 8 मार्च को स्वर्णकार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन

काशी की पावन धरती पर स्वर्णकार समाज की राष्ट्रीय संस्था स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान, वाराणसी द्वारा 8 मार्च (रविवार) को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में स्वर्णकार समाज के 7 जोड़ों का सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया जाएगा।संस्थान के जिलाध्यक्ष किशोर कुमार सेठ ने बताया कि विवाह से पूर्व सभी 7 दूल्हों की सामूहिक बारात उन्नति रेजीडेंसी, मैदागिन पेट्रोल पंप के सामने से सुबह 10 बजे निकलेगी। बारात मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और ईश्वरगंगी होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन पहुंचेगी। वहां कन्या पक्ष की महिलाओं द्वारा परछन के बाद भव्य मंच पर सभी जोड़ों की जयमाल कराई जाएगी।

जयमाल के पश्चात उपस्थित अतिथियों और समाज के वरिष्ठजनों द्वारा वर-वधू को आशीर्वाद दिया जाएगा। इसके बाद एक ही विवाह मंडप में सभी जोड़ों का वैदिक विधि-विधान से परिणय संस्कार संपन्न कराया जाएगा। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को उनके वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक उपयोगी सामग्री संस्थान और समाज की ओर से समान रूप से प्रदान की जाएगी।कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकतंत्र सेनानी तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा, विधायक हाटा (उत्तर प्रदेश) मोहन वर्मा, विधान परिषद सदस्य औरंगाबाद (बिहार) जीवन लाल, जौनपुर से नन्हेलाल वर्मा और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की स्वीकृति मिली है।पत्रकार वार्ता के दौरान राष्ट्रीय संस्थापक सम्मेलन अध्यक्ष रवि सर्राफ, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सरिता, सम्मेलन संयोजक कमाल कुमार सिंह, जिला महासचिव दीपक कुमार सेठ, सम्मेलन कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, महिलाहर सिंह और अनिल सेठ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post