रंगों के पर्व होली के अवसर पर सर्व वैश्य समाज समिति काशी द्वारा गणेश मंडपम लॉन, भरत मिलाप मैदान, नाटी इमली में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलाकारों द्वारा गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।समारोह में बरसाने की राधा रानी और गोकुल के नंदलाल के स्वरूप में कलाकारों ने गुलाब की पंखुड़ियों के साथ ब्रज की होली की मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और दर्शक झूम उठे।
मुख्य अतिथि मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्य समाज व्यापार और उद्योग के माध्यम से देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। होली प्रेम, भाईचारे और खुशियों का पर्व है, जो समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करता है।समिति के अध्यक्ष आर.के. चौधरी ने कहा कि वैश्य समाज न केवल स्वयं के लिए आजीविका का साधन तैयार करता है, बल्कि दुकानों और फैक्ट्रियों के माध्यम से समाज के बड़े वर्ग को रोजगार भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने समाज की एकता और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।समारोह में मारवाड़ी, अग्रवाल, जायसवाल, साहू, अग्रहरी, तेली, मोदनवाल, जैन, बरनवाल, माहेश्वरी, स्वर्णकार, मद्धेशिया और केशरी समाज सहित वैश्य समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को मंत्री द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन संयोजक पंकज अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर आर.के. चौधरी, दीपक कुमार बजाज, उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, अशोक जायसवाल, मनोज बजाज, प्रदीप तुलस्यान, पंकज अग्रवाल, अरविंद जायसवाल, सूरज प्रसाद गुप्ता, आयुष जायसवाल, पवन अग्रवाल, प्रमोद सराफ, मनोज मद्धेशिया, विजय जायसवाल, दीपक अग्रवाल, सत्यनारायण सेठ, राकेश जायसवाल, सुशील गुप्ता सहित वैश्य समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

