रामनवमी के पावन पर्व पर अस्सी घाट से भव्य ‘मंदाकिनी’ राम बारात शोभायात्रा निकाली गई, जिसने गंगा तट पर आस्था और उत्साह का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। इस अनोखी शोभायात्रा में दर्जनों नावों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिन पर भगवान भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां सुसज्जित थीं।गंगा में आतिशबाजी और बाजे-गाजे के साथ यह बारात विभिन्न घाटों से गुजरते हुए भैंसासुर घाट पहुंची, जहां बाल विद्यालय के डायरेक्टर मुकुल पाण्डेय ने अपने समर्थकों के साथ प्रति वर्ष की भांति बारात का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर बाल विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा गंगा तट भक्ति रस में डूब गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता बृजेश सिंह ने परिवार सहित सहभागिता करते हुए भगवान राम दरबार की विधिवत आरती उतारी।शोभायात्रा के दौरान विशिष्ट अतिथियों का सम्मान भी किया गया। गंगा तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति और उल्लास के साथ इस दिव्य आयोजन का आनंद लिया। पूरे वातावरण में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे काशी का हर कोना भक्तिमय हो उठा।

