धर्म नगरी काशी में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। संस्कृत बटुक क्रिकेट टीम के बटुकों ने वैदिक मंत्रों के साथ माँ गंगा का अभिषेक कर भारत की विजय की कामना की।शनिवार को शास्त्रार्थ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार शुक्ला के नेतृत्व में अहिल्याबाई घाट पर विशेष हवन, पूजन और अभिषेक का आयोजन किया गया। आचार्य विकास दीक्षित और आचार्य संजय उपाध्याय के मार्गदर्शन में वेद मंत्रों के पाठ के साथ हवन किया गया।
हवन के पश्चात बटुक क्रिकेट टीम के सदस्यों ने शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रों के साथ गंगा में अभिषेक कर टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया कि महाविद्यालय के बटुक छात्रों की इच्छा पर यह आयोजन किया गया, ताकि देश की क्रिकेट टीम की जीत के लिए भगवान से प्रार्थना की जा सके।इस अवसर पर डॉ. गणेश दत्त शास्त्री, आचार्य विकास दीक्षित, आचार्य संजय उपाध्याय, अवशेष पांडेय, बृजेश शुक्ला, विशाल शास्त्री, आकाश पाठक, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में बटुक छात्र उपस्थित रहे।

