श्री काशी विश्वनाथ धाम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत सभी महिलाओं को द्वार संख्या 4-बी से निःशुल्क प्रवेश देकर भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएंगे।मंदिर प्रशासन के अनुसार इस विशेष व्यवस्था का लाभ काशी की निवासी महिलाओं के साथ-साथ बाहर से आने वाली महिलाएं भी ले सकेंगी। गोद में बच्चे लिए हुए महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश और दर्शन की सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए किसी प्रकार का टिकट या शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बताया गया कि प्रातः 4:00 से 5:00 बजे तथा सायं 4:00 से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगा और इस दौरान पूर्ववत विशेष दर्शन व्यवस्था जारी रहेगी। इसके अलावा शेष समय में सभी महिलाओं को द्वार संख्या 4-बी से प्रवेश देकर दर्शन कराया जाएगा।श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समस्त मातृशक्ति के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए भगवान विश्वनाथ की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहने की मंगलकामना की गई है।

