काशी की मस्ती और अलबेली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय दंत निपोर महासंघ के तत्वावधान में गुरुवार की शाम विशेश्वरगंज फलमंडी चौराहा पर हास्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हास्य कवियों की चुटीली रचनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा।लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय पं. संकठा प्रसाद पांडेय ‘बमगुरू’ द्वारा 27 वर्ष पूर्व शुरू किए गए इस अनूठे आयोजन को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष का कार्यक्रम सुनील पांडेय ‘चुनमुन गुरु’ के संयोजन और नामवर राय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पं. डॉ. रामअवतार पांडेय ने किया।
मंच पर निजान बनारसी, सुरेश कुमार ‘अकेला’ (चंदौली), डंडा बनारसी, बृजेश पांडेय और आशिक बनारसी सहित कई हास्य कवियों ने अपनी चुटीली रचनाओं से लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया।कार्यक्रम में काशी की सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाते हुए शिव तांडव, मसाने की होली, राधा-कृष्ण की फूलों व अबीर-गुलाल की होली और नंदी बाबा के मनोहारी नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में काशी के महापौर अशोक तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर निगम के उपसभापति सुरेश चौरसिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पं. विजय शंकर पांडेय ने की। इस अवसर पर सभी अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय उपाध्याय (पत्रकार), संजय अरुण, अशोक पांडेय, हीरालाल यादव (पूर्व पार्षद), अरुण रामजी गुप्त, तेजस पांडेय, कल्पना पांडेय और व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

