उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने सोमवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए मामलों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।गीता विश्वकर्मा ने बताया कि जनसुनवाई में अब तक करीब 17 मामलों की सुनवाई की जा चुकी है, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकतर मामले महिला हिंसा, जमीनी विवाद और घरेलू कलह से जुड़े हुए सामने आए हैं।
उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई महिला घरेलू हिंसा या किसी प्रकार के अत्याचार का शिकार हो रही है तो वह घर से निकलकर अपने नजदीकी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने बताया कि थानों में महिला हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाता है।इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो महिलाएं किसी कारणवश घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं, वे हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर जानकारी दे सकती हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले का निस्तारण करेगी।

