नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भव्य पदयात्रा, छात्रों-शिक्षकों ने दिखाई जागरूकता

महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में शहर में भव्य पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट नंबर-2 से प्रशासनिक भवन होते हुए भारत माता मंदिर तक पहुंची।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पदयात्रा का नेतृत्व क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश वर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करना है।

रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने तख्तियां और झंडे लेकर महिला सशक्तिकरण के समर्थन में नारे लगाए। पूरे मार्ग में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे प्रावधानों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।डॉ. वर्मा ने बताया कि यह पहल प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में चल रहे जागरूकता अभियान का हिस्सा है। पदयात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समावेशी और विकसित समाज की कल्पना अधूरी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post