भेलूपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्गाकुंड पुलिस चौकी के पास दुर्गाकुंड मंदिर और मानस मंदिर के समीप मारुति सुजुकी बलेनो (UP 65 FH 6853) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी एयरबैग खुल गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तड़के जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुर्गाकुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा ने जब वाहन की जांच की तो कार के अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान कर उनसे संपर्क साधा जा रहा है, ताकि हादसे के कारणों का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

