उत्तर प्रदेश में शिक्षा के प्रसार और बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ शनिवार को वाराणसी से किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से इस अभियान की विधिवत शुरुआत की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न शैक्षणिक मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान जिले के 5 निपुण विद्यालयों, 5 निपुण बच्चों एवं 5 नवप्रवेशी छात्रों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश निर्माण में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता की कमी थी और नकल जैसी प्रवृत्तियों ने विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिसके चलते आज सरकारी विद्यालयों में छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।इस अवसर पर संदीप सिंह ने भी बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में वाराणसी के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

