काशी में शीतला माता संगीत समारोह की चौथी निशा सजी, भजन-नृत्य से गूंजा दशाश्वमेध घाट

मां शीतला की आराधना में डूबी काशी में आयोजित शीतला मंदिर संगीत समारोह की चौथी निशा शुक्रवार को भक्ति और कला के रंगों से सराबोर रही। इस अवसर पर पूर्वांचल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 20 कलाकारों ने गायन, वादन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गोरखपुर के प्रसिद्ध भजन गायक नंदू मिश्रा रहे, जिन्होंने आधी रात के बाद मंच संभालते हुए श्रीगणेश वंदना से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। उन्होंने प्रसिद्ध भजनों से भक्तों की हाजिरी लगाई। अंत में भावपूर्ण हनुमान चालीसा गाकर उन्होंने अपनी प्रस्तुति को विराम दिया।

इससे पहले गीतकार कन्हैया दूबे 'केडी' के संयोजन-संचालन में कार्यक्रम की शुरुआत भरत प्रसन्ना की शहनाई वादन से हुई, जिसमें पचरा और चैती की मधुर धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।नृत्य प्रस्तुतियों में शिल्पा राय ने शिव तांडव पर कथक की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं श्रवषी मिश्रा ने कथक के माध्यम से शिवार्चन के भावों को सजीव किया। इसके अलावा नीरज पांडेय, गोविंद गोपाल, अवधेश पाठक, रजनी तिवारी, ज्योति गुप्ता, मनीष यादव, रौनक पांडेय, प्रतीक मिश्रा, मनोज त्रिपाठी और अमलेश पांडेय सहित अन्य कलाकारों ने भी भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।कार्यक्रम के अंत में दशाश्वमेध घाट स्थित शीतला माता मंदिर में मां का भव्य श्रृंगार कर षोडशोपचार पूजन किया गया। महंत पं. शिवप्रसाद पांडेय ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई और पं. अजय शंकर पांडेय ने आरती उतारी।




Post a Comment

Previous Post Next Post